पहचान, मैं कौन?
बृहदारण्यक उपनिषद (2.4.5 / 4.5.6) का एक प्रसिद्ध सूत्र है
न वा अरे सर्वस्य कामाय सर्वं प्रियं भवति,
आत्मनस्तु कामाय सर्वं प्रियं भवति॥
ऋषि याज्ञवल्क्य अपनी पत्नी मैत्रेयी को आत्मज्ञान का उपदेश देते हुए कहते हैं कि कोई भी वस्तु या व्यक्ति हमें उसके अपने लिए प्रिय नहीं होता; वह इसलिए प्रिय होता है क्योंकि उससे हमें सुख और संतोष मिलता है।
पति, पत्नी या संतान हमें इसलिए प्रिय नहीं होते कि वे ‘वे’ हैं, बल्कि इसलिए कि उनके होने से हमें सुख का अनुभव होता है। धन, संपत्ति या पद भी इसलिए अच्छे लगते हैं क्योंकि वे हमारी इच्छाओं की पूर्ति करते हैं।
जब तक किसी वस्तु या व्यक्ति से हमें सुख मिलता है, वह “प्रिय” लगता है; जैसे ही वह सुख समाप्त होता है, हमारा लगाव भी कम होने लगता है।
अर्थात, हम जिसे भी प्रेम करते हैं, वास्तव में उसके माध्यम से अपनी ही आत्मा के आनंद की खोज कर रहे होते हैं।
इसका सीधा अर्थ है—प्रेम का असली स्रोत बाहर नहीं, भीतर है। यदि हम उस आत्मा को जान लें, जो सभी सुखों का आधार है, तो नश्वर वस्तुओं में सुख ढूँढना छोड़कर शाश्वत आनंद को प्राप्त कर सकते हैं।
लेकिन ऐसा होता क्यों नहीं?
क्योंकि हमारी पहचान ही भ्रमित है।
जब हम शरीर को ‘मैं’ मान लेते हैं, तो उसके सुख-दुःख को अपना सुख-दुःख समझने लगते हैं।
जब हम मन को ‘मैं’ मानते हैं, तो उसके तीन बंधनों में फँस जाते हैं—भावनाएँ, बुद्धि और अहंकार।
भावनात्मक स्तर पर हम लिंग, जाति, धर्म आदि के आधार पर कहीं जुड़ते हैं, तो कहीं विरोध में खड़े हो जाते हैं।
बुद्धि के स्तर पर “मैं अधिक जानता हूँ” की भावना हमें सीमित कर देती है।
और अहंकार—वह तो ऐसा चिपकता है कि अलग ही नहीं होता: मैं बड़ा, मेरी जाति बड़ी, मेरा धन बड़ा, मेरा देश बड़ा। इस ‘मैं’ पर ज़रा-सी चोट भी हमें विचलित कर देती है—क्रोध, प्रतिशोध और अशांति पैदा करती है।
गौतम बुद्ध के जीवन की एक घटना इसे सरलता से समझाती है।
एक दिन वे प्रवचन दे रहे थे। तभी एक क्रोधित व्यक्ति आया और उन्हें अपशब्द कहने लगा। बुद्ध शांतिपूर्वक सुनते रहे।
कुछ देर बाद वह व्यक्ति बोला, “आप कुछ कहते क्यों नहीं?”
बुद्ध ने पूछा, “यदि कोई तुम्हें उपहार दे और तुम उसे स्वीकार न करो, तो वह उपहार किसका रहेगा?”
उसने कहा, “देने वाले का।”
बुद्ध मुस्कुराए, “मैं तुम्हारे क्रोध को स्वीकार नहीं करता; वह तुम्हारे पास ही रहेगा।”
हम अक्सर काम, क्रोध, मोह, मद, मत्सर और लोभ—इन षड्रिपुओं के शिकार हो जाते हैं। क्रोध का अंगारा पहले स्वयं को जलाता है, फिर दूसरों को।
यह सब इसलिए है क्योंकि हम अपनी गलत पहचान के आधार पर जीते हैं—या तो शरीर को ‘मैं’ मानते हैं, या मन को। इसीलिए ‘मैं’ और ‘दूसरा’ का भेद बना रहता है।
परन्तु जैसे ही सही पहचान स्पष्ट हो जाती है, सब बदल जाता है। हमारी वास्तविक पहचान आत्मा है—जो सबमें एक ही है। जैसे अलग-अलग उपकरणों में एक ही बिजली प्रवाहित होती है; उपकरण भिन्न दिखते हैं, पर ऊर्जा एक ही होती है।
मन चंद्रमा के समान है—उसकी रोशनी घटती-बढ़ती रहती है, पर वह उसकी अपनी नहीं, सूर्य की देन है। उसी प्रकार हमारा मन भी आत्मा के प्रकाश से ही प्रकाशित है। बस उस ‘सूर्य’—आत्मा—की पहचान हो जानी चाहिए।
फिर शारीरिक और मानसिक सुख-दुःख, षड्रिपु, और विभाजन की मानसिकता स्वतः समाप्त होने लगती है।
जब यह अनुभव हो जाता है कि सबमें वही एक चेतना है—तो विरोध का भाव भी मिट जाता है।
तब व्यक्ति अपने वास्तविक स्वरूप सत् (शाश्वत), चित् (चेतना) और आनंद (शांति) स्थित रहता है।
१६ जनवरी २०२६
Identify, Who am I?
A well-known aphorism from the Bṛhadāraṇyaka Upaniṣad (2.4.5 / 4.5.6) states:
न वा अरे सर्वस्य कामाय सर्वं प्रियं भवति,
आत्मनस्तु कामाय सर्वं प्रियं भवति॥
“Not for the sake of anything is anything dear;but for the sake of the Self, everything is dear.”
Sage Yājñavalkya, while imparting spiritual wisdom to his wife Maitreyī, explains that nothing is dear to us for its own sake. It becomes dear because it brings joy and fulfillment to our own Self.
Whatever we love—objects or relationships—the underlying reason is the joy experienced by our own Self. We do not love a husband, wife, or child merely for who they are, but because their presence gives us happiness. Wealth, possessions, and status also appeal to us because they fulfill our desires.
As long as something or someone continues to give us happiness, it feels “dear” to us; the moment that happiness fades, our attachment begins to diminish.
In essence, whenever we love someone, we are actually seeking the joy of our own Self through them.
This implies that the true source of love lies not outside, but within us. If we realize the Self—the very foundation of all joy—we can stop seeking happiness in transient things and instead attain lasting bliss.
But why does this realization not happen?
Because our sense of identity is mistaken.
When we identify ourselves with the body, we begin to treat its pleasures and pains as our own.
When we identify with the mind, we become trapped in its three bonds—emotions, intellect, and ego.
At the emotional level, we form attachments and aversions based on gender, caste, religion, and similar distinctions.
At the intellectual level, the notion “I am more knowledgeable” confines us within our own limits.
And ego clings most stubbornly: I am superior, my caste is superior, my wealth is greater, my nation is greater. Even a slight scratch to this “I” provokes anger, retaliation, or mental unrest.
An incident from the life of Gautama Buddha illustrates this beautifully:
One day, while he was delivering a discourse, an angry man approached and began hurling insults at him. The Buddha listened calmly without reacting.
After a while, the man asked, “Why don’t you say anything?”
The Buddha replied, “If someone offers you a gift and you do not accept it, to whom does the gift belong?”
The man said, “To the one who offered it.”
The Buddha smiled and said, “I do not accept your anger; it remains with you.”
We often fall prey to the six inner enemies—desire, anger, attachment, pride, jealousy, and greed. Anger, in particular, burns the one who holds it before it harms others.
All this happens because we live with a false identity—either identifying with the body or the mind. Hence, the division of “I” and “others” always persists.
However, once the true identity is realized, everything transforms. Our real identity is the Self (Ātman), which is one in all. Just as different devices appear distinct but are powered by the same electricity, all beings are expressions of the same underlying consciousness.
The mind is like the moon—its light waxes and wanes, yet it does not belong to the moon itself; it is borrowed from the sun. Similarly, the mind shines because of the light of the Self. One only needs to recognize this inner “sun.”
With this realization, physical and mental pleasures and pains, inner conflicts, and divisive tendencies begin to dissolve.
When one truly experiences that the same consciousness exists in all, the sense of opposition disappears.
Then a person abides in his true nature of Sat (eternal existence), Chit (pure consciousness), and Ānanda (bliss and peace).