Tuesday, March 26, 2024

प्राण।

 प्राण।

परम परमात्मा निर्गुण है, अपरिवर्तनशील है। लेकिन एकोहं बहुआयाम् के संकल्प से सगुण हुआ। सत्व, रजस और तमस गुण से प्रकृति हुआ। ब्रह्मा-विष्णु-महेश, सृष्टि-स्थिति-संहार, का खेल हुआ, जो विज्ञान के कारण-कार्य नियम से बंधित और परिवर्तनशील है। पुरूष और प्रकृति, शिव और शक्ति के उन्मेष-निमेष की यह लीला है। सामरस्य है। परमात्मा प्रकृति का प्राण है, जीवनी शक्ति है। प्रकृति जगत का प्राण है, जीवनी शक्ति है। पृथ्वी का हर जीव प्राणों से चलता है। उनके प्राण मुख्य स्रोत से जुड़े है इसलिए मनुष्यों में प्राणोपासना का बड़ा महत्व है। 

अगम की खोज की लत हमें बचपन से लगी थी। भजन सुनते रहते थे। भजन का अर्थ पकड़ने दिमाग़ सक्रिय रखते थे।  मन में होता था कि बात इतनी सहज और सरल है फिर बुद्धि में बैठती क्यूँ नहीं? परमात्मा का मिलन-दर्शन क्यूँ नहीं हो रहा? 

रवि साहब की एक रचना थी। 

कोई नुरते सुरते नीरखो, 
एना घडनारा ने परखो, 
आ कोणे बनाव्यो पवन चरखो? 

आवे ने जावे बोले बोलावे,
ज्यां जोऊँ त्यां सरखो, 
देवળ देवળ करें होकारा, 
पारख थइ ने परखो.. 

ध्यान की धून में ज्योत जलत है,
मीट्यो अंधार अंतर को,
ए अजवाળે अगम सूझें,
भेद जड्यो उन घर को। 
आ कोणे बनाव्यो पवन चरखो? 

माँ के गर्भ में साँसों की डोर नहीं थी। प्राणों का आधार माँ थी। लेकिन बाहर आते ही फेफड़े खुल गए और बाहर अंदर का पवन जुड़ गया और पवन चरखा चल दिया। पृथ्वी पर हवा दे दरिया में जीव जगत सब नाक लगाए टिका है। जिस की पवन डोर टूटती है वह बिखर जाता है।  क्या है यह चरखा? कौन चला रहा है। नुरत सुरत से कैसे देखना है? आते-जाते क्या बोल रहा है। ध्यान में कौनसा उजियारा होगा जिससे उसका भेद मिलेगा?  

साँस अंदर जाती है और बाहर निकलती है। एक मिनट में औसतन १५। एक दिन का हिसाब हो गया २१६००। एक साल का हुआ ७८.८४ लाख। १०० साल का हुआ ७८.८४ करोड़। बस यही तो पूँजी है जो हर पल खर्चा हो रही है और कम हो रही है। अंदर जाए शबद करें सो, बाहर आए बोले हम्। सब सोहम का अजपा जाप कर रहे है, लेकिन सबका उस पर ध्यान नहीं। सोहम् का ओहम् 🕉️ से, अनाहत से नाता जोड़ने इस पवन चरखे की डोर को ध्यान देकर नीरखना होगा। उस के नूर और सुर से तालमेल करना होगा। तब जाकर ज्ञान का उजियारा होगा और भेद-भरम सब मिटेगा। 

प्राण पाँच है। प्राण, अपान, समान, उदान और व्यान। 

आयुर्वेद में प्राण को दस मुख्य कार्यों में विभाजित किया गया है: पाँच प्राण - प्राण, अपान, उदान, व्यान और समान - और पाँच उप-प्राण - नाग, कूर्म, देवदत्त, कृकला और धनंजय। प्राण की गति उपर अंदर है और अपान की गति नीचे बाहर। उदान ऊर्ध्वमुखी है, समान नाभि के आसपास बैठा है और व्यान पूरे शरीर में व्याप्त है। हमारे श्वसन तंत्र और पाचन तंत्र का आधार पाँच प्राण है। वात पित्त और कफ के सन्तुलन से आदमी नीरोग रहता है। 

अध्यात्म में श्वासोच्छ्वास भीतर प्रवेश कर रहा अपान, बाहर आ रहा प्राण, श्वासोच्छ्वास का बायें नथुने में प्रमुख होना इड़ा, दाहिने में पिंगला और दोनों का समरूप होना समान-सुषुम्ना है। एक गंगा, दूसरी यमुना और तीसरी सरस्वती है। ध्यान से सुषुम्ना में प्राणों का प्रवेश होकर उठना उदान है और कुण्डलिनी जागरण द्वारा ऊर्जा का मूलाधार सहस्रार पहुँचना व्याप्ति-व्यान है। 

एक अर्थ और भी कर लेते हैं। 

पान का अर्थ है पीना। पहले प्राण के पान स्वरूप को समझते है। हमारे अंदर आ रही हर साँस हमारा पान (लेना) है और बाहर जा रही हर साँस अपान (छोड़ना) है। तंदुरुस्त आदमी के साँस की लंबाई बारह अंगुल होती है; बारह बाहर, बारह भीतर। लेकिन हमारी हर साँस की बाहर अंदर की लंबाई सम और सहज नहीं होती। हमारे विचार, क्रियाएँ उसमें बाधा डालती रहती है। जब स्वास्थ्य बिगड़ता है तब और दख़ल होती है। भीतर जा रहा पान शीतल है और बाहर आ रहा अपान उष्ण है। जो शीतल है वह इडा है और जो उष्ण है वह पिंगला। इसलिए सब से पहले तो इन दोनों की लंबाई को संतुलित करना है। जिसके बारह-बारह हैं वह बारह-बारह पर संतुलित करें। जिनके साँस आयु और स्वास्थ्य के कारण ११-१०-९ अंगुल लंबाई के है वे उस लंबाई पर संतुलित करें। उपर से भीतर आ रहे शिव और नीचे से उनको मिलने उठ रही शक्ति का संतुलन करना है। दोनों के मिलन संगम (प्रयाग) पर विराम स्थान पर, मध्य पर ध्यान देना है जहां सरस्वती-ज्ञान-बोध का प्रवाह है। 

जैसे जैसे साँस संतुलित होती जाएँगी हमारे शरीर, प्राण, मन में स्थिरता आने लगेगी। ध्यान जब और पैना होगा तब धीरे-धीरे साँस की लंबाई कम होना शुरू होगी लेकिन संतुलन बनाए रखना है। धीरे-धीरे १२-११-१०-९-८-७-६-५-४-३-२-१ अंगुल करते करते शून्य स्थिति आने लगेगी। जब लंबाई नाक के नज़दीक पहुँचेगी तब नाक के आसपास भारीपन महसूस होगा। आगे फिर साँस एक सेन्टीमीटर या उससे भी कम होकर चलता होगा लेकिन जैसे नहीं चल रहा। उस स्थिति में पहुँचते ही ध्यान की एकाग्रता इतनी तीव्र होगी कि उदान उठे बिन रह नहीं सकता। एक उदान क्रियात्मक है दूसरा बोधात्मक। क्रियात्मक उदान के उठते ही मूलाधार में कंपन-सक्रियता आएगी, बिजली का एक सुनहरा तार जैसे चल पड़ा और एक पूरा आवर्तन लिए चक्रों का अनुभव करा देगा। मूलाधार के तार सहस्रार से जुड़ते ही चित व्याप्ति होगी। सद् साक्षात्कार होगा। 

षड्चक्रो के भेदन की क्रिया में हम तो मौजूद है, देख रहे है। हम दृष्टा है और वह दृश्य। इसलिए दृश्य के बदले हमारे बोध पर ध्यान देना ज़्यादा ज़रूरी है। जिनको क्रियात्मक अनुभव नहीं हुआ वह फिक्र न करें क्योंकि बोधात्मक विकास ही मुख्य है और वह होना है। हमारे स्वरूप पर जो आवरण है वह बोध से हटेगा और अपने सत स्वरूप, पूर्णोहं का साक्षात्कार होगा। तब बाहर भीतर जग सब एक हो जाएगा, न अपना न बेगाना; एक नूर ते सब जग उपजा कौन भले कौन मंदे? 

हमारे श्वासोच्छ्वास हमारें प्राण नहीं है, लेकिन प्राण की क्रिया है। उसका लेना और छोड़ना वृत्ति है।उसका मध्य प्रवेश द्वार है। भीतर चिति का स्पंदन है। उस चतुर्थ में ठहरना पर-प्राणायाम है। 

प्रकाश है, आवरण ही तो हटाना है।आवरण हटते ही साक्षात्कार है। वही लक्ष्य है, परम सिद्धि है, अमृत है। 

साँस की डोर पकड़कर स्थूल से सूक्ष्म और सूक्ष्म से पूर्ण की ओर चलें। 

कोई नूरते सुरते नीरखो, एना घडनारा ने परखो, हे जी राम, आ कोणे बनाव्यो पवन चरखो। 

पूनमचंद 
२६ मार्च २०२४

0 comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.