Friday, June 26, 2026

दिव्यता की यात्रा - Journey of Divinity

दिव्यता की यात्रा

बुद्ध के विज्ञानवाद ने चेतना को क्षण-क्षण प्रवाहित होने वाली धारा माना और स्थायी आत्मा का निषेध किया। शंकराचार्य के अद्वैत ने ब्रह्म को ही सत्य और जगत को मिथ्या कहा। कश्मीर शैव दर्शन ने इन दोनों से भिन्न मार्ग अपनाया। उसने आत्मा को भी सत्य माना और संसार को भी। यह सम्पूर्ण विश्व शिव की चेतना का प्रकाश-विमर्श है।

परम शिव अपने स्वातंत्र्य से शक्ति रूप में प्रकट होता है। उसी के प्रकाश और विमर्श से यह सम्पूर्ण विश्व अभिव्यक्त होता है। इसलिए संसार कोई भ्रम नहीं, बल्कि शिव की जीवंत अभिव्यक्ति है।

इसलिए हर जीव शिव है।

शिव की पाँच शक्तियाँ हैं—चित्, आनन्द, इच्छा, ज्ञान और क्रिया। पाँच कृत्य हैं—सृष्टि, स्थिति, संहार, तिरोभाव (निग्रह) और अनुग्रह। इन्हीं के कारण शिव सर्वशक्तिमान और सर्वस्वतंत्र है।

जीव भी इन शक्तियों से रहित नहीं है। अंतर केवल इतना है कि शिव में वे पूर्णतः प्रकट हैं, जबकि जीव में वे संकुचित और आवृत हैं। कश्मीर शैव दर्शन में जीव शिव का अंश नहीं, बल्कि अपनी सीमाओं में बँधा हुआ वही पूर्ण शिव है।

प्रश्न यह है कि यदि जीव शिव ही है, तो फिर शिव बनने की ललक क्यों? यदि अपने शिवस्वरूप का साक्षात्कार हो भी जाए, तो संसार में क्या बदल जाएगा? संसार तो शिव का ही विमर्श है। उसकी स्वातंत्र्य शक्ति के बिना कुछ भी नहीं होता। फिर जप, तप, तीर्थ, श्रवण, मनन और निदिध्यासन का प्रयोजन क्या है?

क्या यह केवल एक बौद्धिक या तार्किक निष्कर्ष है?

नहीं।

शिव-साक्षात्कार का अर्थ केवल “मैं शिव हूँ” जान लेना नहीं है; उसका अर्थ है अपने भीतर सुप्त दिव्यता का पूर्ण प्राकट्य। अपने जीवन में शिवत्व को अभिव्यक्त करना।

यह तन और मन उसी दिव्यता के माध्यम हैं। सीमित समझ ही बंधन है और उसी समझ का विस्तार मुक्ति। परन्तु वास्तविक मुक्ति तब है जब इस तन-मन से शिव का प्रकाश, करुणा और कल्याण सहज रूप से प्रकट होने लगे। तब व्यक्ति बदलता नहीं, उसका सम्पूर्ण अस्तित्व दिव्यता का माध्यम बन जाता है। उसकी उपस्थिति ही शांति और कल्याण का कारण बनती है। एक शिवरूप दूसरे शिवरूपों के कल्याण में सहज प्रवृत्त हो जाता है।

जब तक यह भीतरी रूपांतरण न हो, तब तक यात्रा चलती रहती है। यात्रा अनन्त है। पर जिस दिन भीतर दिव्यता का अनुभव जागने लगे, समझ लेना कि वास्तविक यात्रा का आरम्भ अब हुआ है।

केवल “मैं शिव हूँ” मान लेने वाले लाखों मिल जाएँगे। पर जिसने अपने व्यवहार, करुणा, ज्ञान और कर्म में शिवत्व को प्रकट कर दिया, वही कश्मीर शैव दर्शन के अर्थ में प्रत्यभिज्ञा को प्राप्त हुआ।

यदि कुछ भी न करें, तब भी हम शिव के ही विमर्श हैं; इससे शिव की पूर्णता में कोई कमी नहीं आती। पर मनुष्य-जन्म का सौभाग्य इसी में है कि हम उस सत्य को केवल जानें नहीं, बल्कि जीएँ। यात्रा तो करनी ही है—बंधन की ओर या स्वतंत्रता की ओर। चुनाव अपना-अपना है।


The Journey of Divinity

Buddhist Vijñānavāda describes consciousness as a continuous stream and rejects the notion of a permanent Self. Śaṅkarācārya’s Advaita declares Brahman alone to be real and the world to be mithyā (dependent reality). Kashmir Shaivism takes a different path. It affirms both the Self and the world as real. The entire universe is the manifestation of Shiva’s consciousness—its light (prakāśa) and self-awareness (vimarśa).

The Supreme Shiva, through His absolute freedom (svātantrya), manifests as Shakti. From the interplay of light and self-reflection arises this entire universe. The world is therefore not an illusion but the living expression of Shiva.

Hence, every individual being is Shiva.

Shiva possesses five fundamental powers—Consciousness (Cit), Bliss (Ānanda), Will (Icchā), Knowledge (Jñāna), and Action (Kriyā). He also performs five cosmic acts—Creation, Preservation, Dissolution, Concealment (Nigraha/Tirobhāva), and Grace (Anugraha). These make Him omnipotent and absolutely free.

The individual is not devoid of these powers. The only difference is that in Shiva they are fully manifest, while in the individual they remain contracted and veiled. According to Kashmir Shaivism, the individual is not a fragment of Shiva but Shiva Himself, appearing in a self-limited form.

This raises a question: if the individual is already Shiva, why aspire to become Shiva? Even if one realizes one’s true nature, what changes in the world? The world itself is Shiva’s own self-expression. Nothing changes without His freedom. Then why engage in prayer, austerity, pilgrimage, listening, contemplation, and deep meditation?

Is realization merely an intellectual conclusion or a philosophical compromise?

No.

To realize Shiva is not merely to proclaim, “I am Shiva.” It is to allow the dormant divinity within to unfold completely. It is to express Shiva-consciousness through one’s life.

The body and mind are the instruments of that expression. Limited understanding is bondage; the expansion of understanding is liberation. Yet true liberation is attained only when Shiva’s light, compassion, wisdom, and creative power naturally radiate through our body and mind. Then one does not merely change; one’s entire presence becomes a channel of the Divine. One Shiva-form naturally dedicates itself to the welfare of other Shiva-forms. The fragrance of one’s presence itself becomes transformative. People feel that such a person has been completely transformed—he has become truly Shiva, the embodiment of auspiciousness and benevolence.

Until this inner transformation dawns, the journey continues. The journey is endless. But the moment you begin to experience divinity within, know that the real journey has only just begun.

Millions have lived believing or declaring, “I am Shiva.” But the one who manifests Shiva through compassion, wisdom, and action alone has truly attained Pratyabhijñā—the recognition of one’s real nature.

Even if we do nothing, we remain expressions of Shiva; His perfection is diminished in no way. Yet the privilege of human birth lies not merely in knowing this truth but in living it. The journey must be undertaken—either toward bondage or toward freedom. The choice is ours.

26 June 2026

0 comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.